अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को सर्जियो गोर को भारत में अगला अमेरिकी राजदूत नामित करने की घोषणा की। इसके साथ ही गोर को दक्षिण और मध्य एशिया के लिए विशेष दूत नियुक्त करने का भी निर्णय लिया गया है।
सर्जियो गोर वर्तमान में व्हाइट हाउस में राष्ट्रपति के व्यक्तिगत नियुक्तियों के प्रमुख (हेड ऑफ प्रेसिडेंशियल पर्सनल अपॉइंटमेंट्स) के तौर पर कार्यरत हैं। हालांकि, उनकी यह नियुक्ति तब तक प्रभावी नहीं होगी जब तक अमेरिकी सीनेट से इसकी मंजूरी नहीं मिल जाती।
भारत में गोर की नियुक्ति ऐसे समय पर हो रही है जब दोनों देशों के बीच व्यापार शुल्क (टैरिफ़) को लेकर तनाव की स्थिति बनी हुई है। इसके साथ ही भारत और चीन के बीच हाल के महीनों में बढ़ती निकटता को भी अमेरिका गंभीरता से देख रहा है।
राजनयिक सूत्रों के अनुसार, सर्जियो गोर की यह नियुक्ति भारत-अमेरिका संबंधों को एक नई दिशा देने का प्रयास हो सकता है। ट्रंप प्रशासन का यह कदम दक्षिण एशिया में अपनी कूटनीतिक पकड़ को मज़बूत करने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है।
अब निगाहें सीनेट की मंजूरी पर टिकी हैं, जिसके बाद सर्जियो गोर आधिकारिक रूप से भारत में अमेरिका के राजदूत का पदभार संभालेंगे।
