ट्रम्प बोले—मैं बहुत गुस्से में हूं पुतिन के घर पर कथित यूक्रेनी ड्रोन हमले के दावे से बढ़ा तनाव
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के उस दावे पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है, जिसमें कहा गया कि यूक्रेनी ड्रोन ने उनके एक घर पर हमला किया था। ट्रम्प ने इस कथित घटना को लेकर नाराज़गी जताते हुए कहा, “मैं बहुत गुस्से में हूं,” हालांकि उन्होंने यह भी माना कि यह दावा गलत भी हो सकता है।सोमवार को फ्लोरिडा स्थित अपने मार-ए-लागो रिसॉर्ट में इज़राइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के साथ बैठक से पहले ट्रम्प ने पत्रकारों को बताया कि पुतिन ने उनसे सुबह-सुबह एक फोन कॉल में यह मुद्दा उठाया था। ट्रम्प के अनुसार, पुतिन ने दावा किया कि यूक्रेनी ड्रोन के एक समूह ने उनके एक घर को निशाना बनाया।
आक्रामक होना एक बात है, लेकिन किसी के घर पर हमला करना बिल्कुल अलग बात है। अब इन सब का समय नहीं है,” ट्रम्प ने कहा। साथ ही उन्होंने यह भी जोड़ा कि यह संभव है कि ऐसा कोई हमला हुआ ही न हो।रूसी अधिकारियों के मुताबिक, 28 और 29 दिसंबर की देर रात मॉस्को के पश्चिम में स्थित नोवगोरोड क्षेत्र में पुतिन के घर पर कथित तौर पर ड्रोन हमला हुआ था। रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने दावा किया कि इस हमले में कुल 91 ड्रोन लॉन्च किए गए थे, लेकिन रूसी वायु रक्षा प्रणाली ने सभी को मार गिराया।हालांकि, यूक्रेन ने इस दावे को सिरे से खारिज कर दिया है। यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेंस्की ने कहा, रूसी संघ एक बार फिर झूठ बोल रहा है।
कीव का कहना है कि पुतिन के घर पर किसी भी तरह का ड्रोन हमला नहीं किया गया।गौरतलब है कि 24 घंटे के भीतर ट्रम्प और पुतिन के बीच दो बार बातचीत हुई। ज़ेलेंस्की से मुलाकात के एक दिन बाद ट्रम्प ने दूसरी बार पुतिन से फोन पर बात की। आलोचनाओं के बावजूद ट्रम्प ने इन वार्ताओं को “बेहद फलदायी” बताया। उन्होंने कहा, “हमारे सामने कुछ बहुत मुश्किल मुद्दे हैं, लेकिन अगर हम उन्हें सुलझा पाए, तो शांति संभव है।
इस बीच, तनाव कम होने के संकेत कमजोर पड़ते दिखे। सोमवार को पुतिन ने सख्त रुख अपनाते हुए अपनी सेना को यूक्रेन के पूरे ज़ापोरिज़्ज़िया क्षेत्र पर कब्ज़ा करने के लिए अभियान तेज़ करने का आदेश दिया। साथ ही क्रेमलिन ने कीव से डोनबास क्षेत्र के उन हिस्सों से अपने सैनिकों को वापस बुलाने की मांग दोहराई, जिन पर रूस का आंशिक नियंत्रण है।
हालांकि ट्रम्प ने एक दिन पहले फ्लोरिडा में ज़ेलेंस्की से कहा था कि युद्ध खत्म करने के लिए समझौते तक पहुंचने में दोनों पक्ष “बहुत करीब, शायद बेहद करीब” हैं, लेकिन ताज़ा घटनाक्रम ने शांति वार्ताओं की राह को और जटिल बना दिया है। अगर पुतिन के घर पर ड्रोन हमले की रिपोर्ट सही साबित होती है, तो यह मॉस्को और कीव के बीच जारी संघर्ष में तनाव की एक और गंभीर बढ़ोतरी मानी जाएगी।





