भागलपुर। विक्रमशिला सेतु के पास बनाए गए बेली ब्रिज से एक मिनी ट्रक के गुजरने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद भागलपुर पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। जांच में आरोप सही पाए जाने पर एक अवर निरीक्षक, तीन सिपाहियों और एक होमगार्ड जवान समेत कुल पांच पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है।
दरअसल, विक्रमशिला सेतु पर यातायात सुचारू बनाए रखने के लिए बनाए गए बेली ब्रिज पर केवल छोटे वाहनों को ही चलने की अनुमति है। इसी बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया, जिसमें एक मिनी ट्रक पुल से गुजरता दिखाई दिया। वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कराई।
जांच में यह पुष्टि हुई कि मिनी ट्रक वास्तव में बेली ब्रिज से होकर गुजरा था। हालांकि वाहन में बालू, गिट्टी या अन्य भारी निर्माण सामग्री नहीं थी, बल्कि सामान्य सामान लदा हुआ था। इसके बावजूद नियमों का उल्लंघन मानते हुए ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की जिम्मेदारी तय की गई। वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रमोद कुमार यादव ने मामले को गंभीर मानते हुए संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद एक अवर निरीक्षक, तीन सिपाहियों और एक होमगार्ड जवान को निलंबित कर दिया गया।
गौरतलब है कि बेली ब्रिज के शुरू होने के शुरुआती दिनों में विक्रमशिला सेतु क्षेत्र में भारी जाम की समस्या देखने को मिली थी। बाद में प्रशासन और पुलिस की सक्रियता के बाद स्थिति में सुधार हुआ और फिलहाल चारों बेली ब्रिजों से वाहनों का परिचालन सामान्य रूप से जारी है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बेली ब्रिज पर सुरक्षा और यातायात संबंधी नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाएगा। किसी भी प्रकार की लापरवाही या नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।








