ICC एशिया कप विवाद: PCB की हरकत पर ICC सख्त, मीटिंग रिकॉर्ड करने पर जताई नाराज़गी

ICC ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के उस कदम पर कड़ा ऐतराज़ जताया है, जिसमें बोर्ड ने 17 सितंबर को दुबई में UAE के खिलाफ मुकाबले से पहले मैच रेफरी एंडी पायकॉफ्ट और पाक टीम मैनेजमेंट की मीटिंग को मोबाइल पर रिकॉर्ड किया।

PTI के मुताबिक, ICC CEO संजोग गुप्ता ने गुरुवार को PCB को ईमेल भेजकर साफ कहा कि PMOA (Players and Match Officials Area) में मोबाइल फोन से रिकॉर्डिंग करना प्रोटोकॉल का उल्लंघन है। इस मीटिंग में पायकॉफ्ट के साथ पाक कप्तान सलमान आगा, हेड कोच माइक हेसन, टीम मैनेजर नवेद अख़रम चीमा और मीडिया मैनेजर नईम गिलानी मौजूद थे।

जब गिलानी ने वीडियो रिकॉर्ड करने की कोशिश की, तो उन्हें रोकते हुए कहा गया कि एंटी-करप्शन कोड के तहत PMOA में मोबाइल फोन प्रतिबंधित हैं। लेकिन PCB इस पर अड़ा रहा और यहां तक कह दिया कि बिना रिकॉर्डिंग के टीम मैच नहीं खेलेगी। अंततः समझौते के बाद गिलानी को बिना ऑडियो रिकॉर्डिंग की अनुमति दी गई।

इस पूरे विवाद की जड़ “हैंडशेक-गेट” है। दरअसल, भारत-पाकिस्तान मैच से पहले टॉस पर भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव और पाक कप्तान सलमान आगा के बीच हाथ मिलाने को लेकर गलतफहमी पैदा हुई थी। पायकॉफ्ट ने बैठक में कहा कि उन्होंने केवल वेन्यू मैनेजर का संदेश पहुंचाया था, निर्देश उन्होंने जारी नहीं किए थे। उन्होंने “गलतफहमी पर खेद” जताया, लेकिन PCB ने बयान जारी कर दावा किया कि पायकॉफ्ट ने “मैनेजर और कप्तान से माफी मांगी है”। इस पर ICC ने नाराज़गी जताई और साफ कहा कि पायकॉफ्ट ने केवल खेद जताया था, माफी नहीं मांगी थी।

PCB ने पायकॉफ्ट को एशिया कप से हटाने की मांग भी रखी थी और यहां तक धमकी दी थी कि पाकिस्तान टीम टूर्नामेंट से हट सकती है। विवाद बढ़ने के बाद मैच एक घंटे की देरी से शुरू हुआ, जब ICC और PCB के बीच बातचीत कर मीटिंग कराई गई और स्थिति सामान्य हुई।

ICC ने साफ कहा कि PCB ने PMOA प्रोटोकॉल की “कई बार उल्लंघन” किया और यह आचरण स्वीकार्य नहीं है।

Share This Article
You Might Read: Asian Games 2026: टीम इंडिया का सामना सेमीफाइनल में श्रीलंका से होगा

Leave a Comment