भागलपुर: भागलपुर से आनंद विहार के बीच स्लीपर वंदे भारत एक्सप्रेस चलाने की तैयारी शुरू हो गई है। ट्रेन के परिचालन को लेकर पूर्व रेलवे ने रेलवे बोर्ड को जरूरी जानकारी भेज दी है। अब बोर्ड की मंजूरी मिलनी बाकी है। पूर्व रेलवे के प्रिंसिपल चीफ कॉमर्शियल मैनेजर डॉ. उदय शंकर झा ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भागलपुर-आनंद विहार के बीच स्लीपर वंदे भारत चलाने को लेकर रेलवे बोर्ड ने जानकारी मांगी थी। पूर्व रेलवे ने इसका जवाब भेज दिया है। स्वीकृति मिलने के बाद ट्रेन चलाने की तारीख तय होगी। भागलपुर से दिल्ली जाने वाले यात्रियों की लंबे समय से ट्रेनों की संख्या और सीटों को लेकर परेशानी रहती है। खासकर छठ, दिवाली और दूसरे त्योहारों के समय स्थिति ज्यादा खराब हो जाती है। दिल्ली से बिहार आने वाली ट्रेनों में जहां टिकट की मारामारी रहती है, वहीं वापसी में भी यात्रियों को कंफर्म बर्थ के लिए इंतजार करना पड़ता है। ऐसे में स्लीपर वंदे भारत शुरू होती है तो भागलपुर से दिल्ली जाने वाले यात्रियों के पास एक और विकल्प होगा। ट्रेन रात में सफर करने वाले यात्रियों के लिए होगी और इसमें स्लीपर कोच लगाए जाएंगे।
रूट और स्टॉपेज की जानकारी अभी नहीं
ट्रेन किन रास्तों से होकर आनंद विहार पहुंचेगी, यह अभी तय नहीं किया गया है। बीच में किन स्टेशनों पर ठहराव मिलेगा, इसको लेकर भी रेलवे की ओर से कोई अंतिम सूची जारी नहीं हुई है इसके अलावा ट्रेन सप्ताह में कितने दिन चलेगी और भागलपुर से किस समय रवाना होगी, यह भी अभी सामने नहीं आया है। इन जानकारियों के लिए रेलवे बोर्ड की मंजूरी का इंतजार करना होगा। भागलपुर रूट पर फिलहाल वंदे भारत की चेयर कार सेवा उपलब्ध है। पूर्व रेलवे क्षेत्र में हावड़ा से जमालपुर के बीच वंदे भारत का परिचालन हो रहा है। स्लीपर वंदे भारत शुरू होने पर भागलपुर को पहली बार इस श्रेणी की ट्रेन मिल सकती है।
लंबी दूरी के सफर में स्लीपर कोच की वजह से यात्रियों को रात में यात्रा करने में सुविधा होगी। हालांकि ट्रेन की रफ्तार, किराया और यात्रा का कुल समय जैसी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। फिलहाल रेलवे की ओर से ट्रेन को लेकर प्रस्ताव और तैयारी की जानकारी ही दी गई है। इसे शुरू करने की तारीख घोषित नहीं हुई है। बोर्ड की मंजूरी के बाद ही आगे की तस्वीर स्पष्ट होगी।
डॉ. उदय शंकर झा ने कहा, “भागलपुर से आनंद विहार टर्मिनल तक स्लीपर कोच वाली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन चलाने की तैयारी की जा रही है। रेलवे बोर्ड ने कई जानकारी मांगी थी, जिन्हें भेज दिया गया है। परिचालन की स्वीकृति मिलते ही तिथि की घोषणा कर दी जाएगी।

Leave a Comment