NEET UG Re-Exam 2026: 21 जून की परीक्षा को लेकर केंद्र सरकार अलर्ट, धर्मेंद्र प्रधान ने की तैयारियों की समीक्षा

NEET UG Re-Exam 2026 : 21 जून को आयोजित होने वाली NEET UG पुनर्परीक्षा को लेकर केंद्र सरकार पूरी तरह सतर्क नजर आ रही है। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने गुरुवार को एक उच्च स्तरीय बैठक कर परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा की और सभी संबंधित एजेंसियों को निष्पक्ष, पारदर्शी और सुरक्षित परीक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में शिक्षा मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों, विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधियों, राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) के अधिकारियों और उच्च शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। बैठक के दौरान धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि परीक्षा की विश्वसनीयता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी अधिकारियों से पूरी सतर्कता के साथ काम करने और यह सुनिश्चित करने को कहा कि परीक्षा निष्पक्ष और सुचारु ढंग से संपन्न हो। उन्होंने बताया कि शिक्षा मंत्रालय की ओर से नामित अधिकारी सभी राज्यों में भेजे जाएंगे, जो परीक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे और सीधे NTA के कमांड सेंटर को रिपोर्ट देंगे।

छात्रों को तनावमुक्त माहौल देने के निर्देश

स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के सचिव संजय कुमार ने कहा कि परीक्षा देने वाले छात्रों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने राज्यों से परीक्षा केंद्रों पर बैठने की उचित व्यवस्था, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा।वहीं, उच्च शिक्षा विभाग के सचिव विनीत जोशी ने कहा कि परीक्षा से पहले का समय बेहद महत्वपूर्ण है और सभी एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखना आवश्यक है।

NTA ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने का भरोसा दिया

NTA के महानिदेशक अभिषेक सिंह ने बताया कि एजेंसी जिला प्रशासन, राज्य पुलिस और खुफिया एजेंसियों के साथ मिलकर काम कर रही है, ताकि परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की गड़बड़ी न हो। बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, लॉजिस्टिक्स, शिकायत निवारण प्रणाली और परीक्षा दिशानिर्देशों के पालन जैसे विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। हाइब्रिड मोड में आयोजित इस बैठक में देशभर के विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के वरिष्ठ अधिकारियों, विश्वविद्यालयों के कुलपतियों और केंद्रीय शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधियों सहित कुल 222 लोगों ने हिस्सा लिया। सभी प्रतिभागियों ने परीक्षा के सफल आयोजन के लिए पूर्ण सहयोग का भरोसा दिया और अभ्यर्थियों को बेहतर अनुभव उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता जताई।

Share This Article
You Might Read: Veterans India From Degrees to Duty: हर कॉलेज में सामुदायिक सेवा प्रयोगशाला जरूरी

Leave a Comment