Advertisement

SamstiPur: समस्तीपुर में गंगा नदी में नाव हादसा,3 की मौत, 4 लापता

SamstiPur: बिहार के समस्तीपुर जिले में गुरुवार सुबह गंगा नदी में बड़ा हादसा हो गया। मोहीउद्दीननगर प्रखंड के सुल्तानपुर दियारा के पास 14 लोगों से भरी एक नाव पलट गई। हादसे में अब तक 3 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 4 लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। प्रशासन और SDRF की टीम लगातार राहत एवं बचाव अभियान चला रही है। अधिकारियों के मुताबिक, अब तक 7 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। जानकारी के अनुसार, नाव पर सवार सभी लोग पटना जिले के बाढ़ थाना क्षेत्र स्थित मसूमगंज बिंद टोली के रहने वाले थे। ये लोग रोज की तरह खेती-बाड़ी और परवल की फसल से जुड़ा काम करने के लिए समस्तीपुर के सुल्तानपुर दियारा गए थे। काम खत्म करने के बाद सभी लोग नाव से उमनाथ घाट लौट रहे थे। नाव पर परवल और अन्य सब्जियां भी लदी हुई थीं। इसी दौरान सुबह करीब 5:45 बजे गंगा नदी के बीचोंबीच नाव हादसे का शिकार हो गई। प्रशासन की शुरुआती जांच में सामने आया है कि हादसे के समय नदी में तेज हवा चल रही थी। वहीं, बाढ़ अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) गरिमा लोहिया ने बताया कि नाव का इंजन बीच नदी में खराब हो गया था, जिसके बाद नाव असंतुलित होकर पलट गई। मोहीउद्दीननगर अंचल अधिकारी बृजेश कुमार द्विवेदी ने बताया कि मृतकों में दो पुरुष और एक महिला शामिल हैं। सभी की पहचान कर ली गई है।

राहत-बचाव अभियान जारी

पटना और समस्तीपुर जिला प्रशासन की संयुक्त टीम मौके पर राहत और बचाव अभियान चला रही है। आपदा प्रबंधन विभाग, पुलिस प्रशासन और स्थानीय गोताखोरों की मदद से लापता लोगों की तलाश की जा रही है। हादसे की खबर फैलते ही उमनाथ घाट पर हजारों की संख्या में ग्रामीण और पीड़ित परिवारों के लोग जमा हो गए। स्थानीय प्रशासन शवों की पहचान और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने में जुटा हुआ है।

बिहार में फिर उठे नाव सुरक्षा पर सवाल

गंगा और दियारा क्षेत्रों में नाव हादसे बिहार में लगातार चिंता का विषय बने हुए हैं।स्थानीय लोगों का कहना है कि कई नावें क्षमता से अधिक यात्रियों और सामान के साथ चलाई जाती हैं, जबकि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होते। इस हादसे के बाद एक बार फिर नदी परिवहन सुरक्षा और ग्रामीण इलाकों में नाव संचालन की निगरानी पर सवाल खड़े हो गए हैं।

Share This Article
You Might Read: Bhagalpur News : भागलपुर के कजरैली थाना क्षेत्र में बिजलीकर्मियों की कार से धक्का लगने की सूचना

Leave a Comment